सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 9 जुलाई। सरगुजा पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज 15 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का गुरुवार को नियमानुसार नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के मार्गदर्शन में सूरजपुर जिले के नयनपुर गिरवरगंज स्थित इंद्रा पावर जैन प्राइवेट लिमिटेड परिसर में संपन्न हुई।
पुलिस के अनुसार नष्टीकरण के दौरान कुल 44.155 किलोग्राम गांजा, 1,478 इंजेक्शन, 2,610 टैबलेट तथा 110 कफ सिरप को विधिवत नष्ट किया गया। कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत पूरी की गई।
नष्टीकरण प्रक्रिया जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के अध्यक्ष डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस दौरान समिति के सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ तथा पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई से पहले सभी प्रकरणों की विस्तृत सूची एवं आवश्यक दस्तावेज समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए तथा नष्टीकरण की सूचना संबंधित विभागों और न्यायालय को अग्रिम रूप से दी गई थी।