सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 9 जुलाई। विकासखंड लखनपुर के ग्राम चोड़ेया के धोबाकछार मोहल्ले में आकाशीय बिजली गिरने के बाद पिछले दो सप्ताह से विद्युत आपूर्ति ठप है। बिजली नहीं होने से करीब 15 परिवार अंधेरे में जीवनयापन करने को मजबूर हैं। वहीं लगातार हो रही बारिश के बीच ग्रामीणों को पेयजल संकट के साथ-साथ सांप, बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का भी भय सताने लगा है।
ग्रामीणों के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई थी, जिसके बाद से अब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। पूर्व सरपंच जॉन बलिहार ने बताया कि मोहल्ले में लंबे समय से बिजली नहीं होने के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के साथ पेयजल की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं होने से मोटर पंप बंद हैं, जिससे ग्रामीण कुएं और झरिया का पानी पीने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार कुन्नी उपकेंद्र के लाइनमैन को सूचना दी गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि यदि शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के साथ ही स्थानीय विधायक को भी मामले से अवगत कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त व्यवस्था की मरम्मत कर मोहल्ले में बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।