सरगुजा

डॉ. डीके सोनी को प्राइड ऑफ साउथर्न इंडिया अवार्ड
08-Jul-2026 9:18 PM
डॉ. डीके सोनी को प्राइड ऑफ साउथर्न इंडिया अवार्ड

जया प्रदा ने किया सम्मानित, आरटीआई और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों को मिली राष्ट्रीय पहचान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 8 जुलाई। सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता डॉ. डी.के. सोनी को जनहित, सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्राइड ऑफ साउथर्न इंडिया अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 27 जून को हैदराबाद के होटल द पार्क में आयोजित समारोह में फिल्म अभिनेत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जया प्रदा के हाथों प्रदान किया गया।

समारोह का आयोजन इनसाइटसक्सेस एंड ट्रेड मीडिया के संस्थापक मनीष भंसाली द्वारा किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में डॉ. सोनी को सम्मान-पत्र एवं अवार्ड प्रदान किया गया।

डॉ. सोनी को यह सम्मान सूचना के अधिकार (आरटीआई), जनहित याचिकाओं, सुशासन और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। वे लंबे समय से सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। अपनी संस्था ‘सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस’ के माध्यम से वे आम नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने के प्रयासों में जुटे हैं।

उन्होंने आरटीआई और जनहित याचिकाओं के माध्यम से कई महत्वपूर्ण मामलों को न्यायालय तक पहुंचाया है तथा विभिन्न मामलों में कानूनी लड़ाई लड़ते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को उजागर करने में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने कई मामलों में जांच और कार्रवाई सुनिश्चित कराने में योगदान दिया है।

डॉ. सोनी को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान पर अंबिकापुर सहित सरगुजा क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और उनके शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. सोनी ने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें जनहित, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए और अधिक समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

 उन्होंने भविष्य में भी वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट