सरगुजा
लुण्ड्रा, 8 जुलाई। विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन बुधवार को सामुदायिक भवन लुण्ड्रा में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर, मुंह मीठा कराते हुए अध्ययन सामग्री भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, निरुपा सिंह, देवनारायण यादव, कृष्णा पावले, कंचन जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष सतीश जायसवाल, संजय गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि जयंत मिंज, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, लुण्ड्रा सरपंच सोमार साय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रीति भगत तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षकों से पाठ्य ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक, नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों का भी विकास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उनकी प्रतिभा और रुचि के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और शिक्षा के प्रति अपनी रुचि का परिचय दिया। इस अवसर पर शत-प्रतिशत नामांकन तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
शाला प्रवेशोत्सव के सफल आयोजन में विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी जयप्रकाश गुप्ता, बीआरसी अजय सिंह, संकुल समन्वयकों, प्रधान पाठकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम का संचालन ममता टोप्पो ने किया तथा अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पालकों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।