सरगुजा
युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,7 जुलाई। के.आर. टेक्निकल कॉलेज, संजयनगर में मंगलवार को ‘नवजीवन: नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता महाअभियान’ के तहत नशामुक्ति जन-जागरूकता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना जयनगर की पुलिस टीम ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय शासी निकाय के उपाध्यक्ष राहुल जैन एवं प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान राहुल जैन ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, कौशल और अच्छे संस्कारों को अपनाएं, तो परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने मित्रों एवं परिवार के सदस्यों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढऩे का आह्वान करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण प्रत्येक नागरिक की जागरूक भागीदारी से ही संभव है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे, दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे तथा स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम का समापन ‘‘नशे को ‘ना’ कहें, जि़ंदगी को ‘हाँ’कहें’’ के संदेश के साथ हुआ।