सरगुजा

पार्वती महाविद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम
07-Jul-2026 9:49 PM
पार्वती महाविद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम

 निकाली नशा मुक्ति रैली, विद्यार्थियों ने किया जागरूक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिश्रामपुर,7 जुलाई। पार्वती इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग रिसर्च एंड मैनेजमेंट शिक्षा महाविद्यालय, मदनपुर (सिलफिली), जिला सूरजपुर में मंगलवार को सत्र 2026-27 के तहत नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बी.एड., नर्सिंग के प्रशिक्षार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (रा.से.यो.) के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर से मदनपुर तक नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों को नशे से होने वाली बीमारियों एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया तथा नशे की लत से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।

रैली के समापन के बाद महाविद्यालय परिसर में थाना जयनगर के सहायक उप निरीक्षक शशि शेखर तिवारी, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र एक्का एवं उनकी टीम ने उपस्थित विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर रा.से.यो. के स्वयंसेवकों ने नशे से होने वाली समस्याओं एवं बीमारियों पर व्याख्यान प्रस्तुत कर जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के बी.एड. एवं नर्सिंग विभाग के सभी सहायक प्राध्यापक, प्रशिक्षार्थी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।


अन्य पोस्ट