सरगुजा
सिपाही व उसकी पत्नी पर जुर्म दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,7 जुलाई। शहर में पुलिस विभाग से जुड़े एक आरक्षक और उसकी पत्नी के खिलाफ 20 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। गांधीनगर थाना पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरक्षक प्रवीण प्रताप सिंह एवं उसकी पत्नी अल्का प्रताप सिंह के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पटपरिया निवासी अनुपमा सिंह ने शिकायत में बताया है कि अल्का प्रताप सिंह रिश्तेदार होने के कारण दोनों परिवारों के बीच विश्वास का संबंध था। इसी का लाभ उठाते हुए वर्ष 2023 में प्रवीण प्रताप सिंह और अल्का प्रताप सिंह ने जमीन खरीदने तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में 75 लाख रुपए का भुगतान लंबित होने का हवाला देकर 30 लाख रुपए उधार लिए थे। आरोपियों ने विभाग से भुगतान मिलते ही पूरी राशि लौटाने का भरोसा दिलाया था।
शिकायत के मुताबिक, लंबे समय तक राशि वापस नहीं की गई। लगातार तकादा करने पर मार्च 2025 में 10 लाख रुपए लौटाए गए, जबकि शेष 20 लाख रुपए के बदले जून 2025 में 10-10 लाख रुपए के दो चेक दिए गए। बैंक में प्रस्तुत करने पर दोनों चेक अनादृत (बाउंस) हो गए।
पीडि़ता का आरोप है कि कानूनी नोटिस भेजने के बाद भी आरोपियों ने पूरी राशि लौटाने से इनकार कर दिया और केवल 13 लाख रुपए देने की बात कही। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पुलिस विभाग में पदस्थ होने का प्रभाव दिखाकर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी भी दी गई।
शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि आरोपी आरक्षक ने अन्य लोगों से भी लाखों रुपए उधार लेकर वापस नहीं किए हैं। हालांकि, इस दावे की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
गांधीनगर थाना पुलिस ने प्रवीण प्रताप सिंह एवं अल्का प्रताप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और साझा आपराधिक मंशा से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।