सरगुजा
कलाकेंद्र मैदान आवंटन, भि_ीकला जमीन विवाद और सीतापुर विधायक प्रकरण की जांच तेज करने सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 जुलाई। जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने सोमवार को पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में बरसते पानी के बीच सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में रैली निकाल सरगुजा के आईजी को ज्ञापन सौंपकर सत्तारूढ़ दल के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं समर्थकों से जुड़े तीन प्रमुख मामलों में पुलिस की कथित निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि कलाकेंद्र मैदान आवंटन मामले में कथित रिश्वतखोरी से जुड़ा एक ऑडियो 19 जून को सामने आया था, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, महापौर मंजूषा भगत और अनुराग मिश्रा के बीच बातचीत होने का दावा किया गया। कांग्रेस का कहना है कि महापौर द्वारा ऑडियो को एआई जनरेटेड बताते हुए शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक न तो एफआईआर दर्ज की गई है और न ही प्रभावी जांच हुई है। पार्टी ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग दोहराई है।
दूसरे मामले में कांग्रेस ने भि_ीकला जमीन विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि एसडीएम जांच में एक विधवा महिला की जमीन से कथित धोखाधड़ी के दस्तावेजी साक्ष्य मिलने और कलेक्टर द्वारा कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
ज्ञापन में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से जुड़े नायब तहसीलदार के साथ मारपीट के प्रकरण का भी उल्लेख किया गया है। कांग्रेस ने कहा कि शासकीय कर्मचारी के साथ मारपीट के मामले में गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज होने के बावजूद विधायक की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।कांग्रेस ने इन तीनों मामलों में कानून के समान अनुपालन की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही कहा है कि यदि ऐसे मामलों में कार्रवाई नहीं होती है तो आम जनता का कानून और शासन व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होगा।ॉ