सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 जुलाई। झारखंड के चर्चित वासेपुर गैंग से जुड़े आजीवन कारावास से दंडित फरार गैंगस्टर शब्बीर आलम को वर्षों तक संरक्षण देने के आरोप में अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने शहर के मोमिनपुरा निवासी एवं राजहंस बस संचालक वैदुल खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने यह जानते हुए भी कि शब्बीर आलम हत्या के मामले में दोषी एवं फरार अपराधी है, उसे बस संचालन और सिलाई दुकान की आड़ में करीब 13 वर्षों तक पनाह दी।
जानकारी के अनुसार झारखंड के धनबाद से आई पुलिस टीम छह दिन पहले शब्बीर आलम को गिरफ्तार करने अंबिकापुर पहुंची थी। सादे कपड़ों में कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा आपत्ति जताए जाने का लाभ उठाकर शब्बीर आलम मौके से फरार हो गया। इसके बाद धनबाद पुलिस ने सरगुजा पुलिस को इसकी सूचना दी। संयुक्त स्तर पर तलाश की गई, लेकिन आरोपी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
मामले की जांच के दौरान अंबिकापुर कोतवाली पुलिस को जानकारी मिली कि वर्ष 2013 से शब्बीर आलम मोमिनपुरा क्षेत्र में रह रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि वैदुल खान ने उसे अपने व्यवसाय की आड़ में संरक्षण उपलब्ध कराया। इसी आधार पर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की गई है।
फहीम खान की मां और मौसी की हत्या का है आरोपी
शब्बीर आलम झारखंड के धनबाद स्थित वासेपुर में वर्ष 2001 में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। आरोप है कि कोयला कारोबार और वर्चस्व की रंजिश के चलते उसने अपने भाई शाहिद और अन्य साथियों के साथ मिलकर 18 अक्टूबर 2001 को कोल माफिया फहीम खान की मां नजमा खातून और मौसी शहनाज खातून की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इस मामले में वर्ष 2013 में उसकी गिरफ्तारी हुई थी, लेकिन कोर्ट में पेशी के दौरान वह फरार हो गया। बाद में वर्ष 2018 में झारखंड हाईकोर्ट ने अन्य आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई तथा फरार शब्बीर आलम को भगोड़ा घोषित करते हुए उसकी संपत्तियों की कुर्की के आदेश भी जारी किए थे।
‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ से जुड़ा है मामला
वासेपुर की गैंगवार और कोयला माफिया की पृष्ठभूमि पर आधारित घटनाओं से प्रेरित होकर फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप ने वर्ष 2012 में चर्चित फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर का निर्माण किया था। पुलिस का मानना है कि उसी घटनाक्रम से जुड़े फरार आरोपी शब्बीर आलम के अंबिकापुर में वर्षों तक छिपे रहने और उसे स्थानीय स्तर पर संरक्षण मिलने का मामला अब जांच का विषय बना हुआ है।