सरगुजा

कुछ घंटों में मिला गुम नाबालिग, परिजनों को सकुशल सौंपा
05-Jul-2026 9:28 PM
कुछ घंटों में मिला गुम नाबालिग, परिजनों को सकुशल सौंपा

अंबिकापुर, 5 जुलाई। सरगुजा पुलिस की साइबर सेल ने पांच-छह दिनों से लापता एक नाबालिग बालक को कुछ ही घंटों में खोजकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने सरगुजा पुलिस का आभार जताया।

पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने साइबर सेल पहुंचकर सूचना दी थी कि उसका नाबालिग पुत्र अंबिकापुर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन पिछले पांच-छह दिनों से वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।

मामले की जानकारी मिलते ही डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर साइबर सेल की टीम ने तत्काल खोजबीन शुरू की। तकनीकी सहायता और पुलिस की सक्रियता के आधार पर टीम ने कुछ ही घंटों में नाबालिग को अंबिकापुर के नए बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया।

आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। त्वरित कार्रवाई के लिए परिजनों ने सरगुजा पुलिस का धन्यवाद व्यक्त किया।

इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा तथा आरक्षक अनुज जायसवाल, वीरेंद्र पैकरा, मनीष सिंह, रमेश रजवाड़े और राहुल केरकेट्टा की सक्रिय भूमिका रही।


अन्य पोस्ट