सरगुजा
अंबिकापुर, 5 जुलाई। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन, जिला सरगुजा की बैठक शनिवार को रघुनाथपुर (लुंड्रा) में जिलाध्यक्ष कमलेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की सक्रियता बढ़ाने, शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा कर रणनीति तैयार की गई।
बैठक में जिला एवं विकासखंड स्तर पर संगठन के विस्तार, आवश्यकतानुसार पदाधिकारियों की संख्या बढ़ाने और नए पदाधिकारियों के समायोजन पर विचार किया गया। इसके साथ ही पूर्व सेवा की गणना, प्रथम नियुक्ति तिथि से पेंशन, पदोन्नति, क्रमोन्नति, टीईटी, बीएड योग्यता, वीएसके ऐप तथा अन्य विभागीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। संगठन की सदस्यता बढ़ाने और सोशल मीडिया, वेब पोर्टल तथा समाचार पत्रों के माध्यम से संगठन के प्रभावी प्रचार-प्रसार की रणनीति भी बनाई गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संयुक्त संचालक कार्यालय द्वारा जारी वर्तमान वरिष्ठता सूची में पाई गई विसंगतियों एवं शिक्षकों की स्थानीय समस्याओं को लेकर 7 जुलाई को सभी विकासखंडों में तथा 10 जुलाई को संयुक्त संचालक और जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक में जिलाध्यक्ष कमलेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष आर.बी. गुप्ता, काजेश घोष, अनिल तिग्गा, रमेश याज्ञिक, सीतापुर ब्लॉक अध्यक्ष सुशील मिश्रा, लुंड्रा ब्लॉक अध्यक्ष रणबीर सिंह चौहान, राकेश दुबे, प्रशांत चतुर्वेदी, विनोद यादव, केश्वर यादव, बुंदलेश्वर सिंह मरकाम, सुरेंद्र केशर, सोनू नाग, जगमोहन सारोठिया, पुनीत कुजूर, मथुरा यादव, रवीश चंद्र पटेल, कलस्तुष केरकेट्टा सहित जिला एवं विकासखंड पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।