सरगुजा
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 4 जुलाई। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम सेलरा में जमीन की नाप-जोख के दौरान पटवारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद लखनपुर पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, संबंधित हल्का के पटवारी सुबोध लकड़ा तहसील कार्यालय के आदेश पर 2 जुलाई को ग्राम सेलरा में एक भूमि की नाप-जोख करने पहुंचे थे। इसी दौरान पड़ोसी भूमि स्वामी ने नापी को लेकर आपत्ति जताते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि संबंधित व्यक्ति तथा उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने पटवारी के साथ मुक्के, लात-घूंसों से मारपीट कर दी।
मारपीट के कारण भूमि की नाप-जोख का कार्य बीच में ही रोकना पड़ा और पटवारी मौके से वापस लौट आए। इसके बाद उन्होंने लखनपुर थाना पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।