सरगुजा
डीईओ ने शुरू की कार्यमुक्ति प्रक्रिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 4 जुलाई। शिक्षा विभाग में विभिन्न कार्यालयों में वर्षों से संलग्न शिक्षक एवं कर्मचारियों को लेकर विवाद गहरा गया है। एक ओर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) के प्रदेश महासचिव परवेज़ आलम गांधी ने सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं अधीनस्थ विकासखंड शिक्षा कार्यालयों में संलग्न शिक्षक-कर्मचारियों को तत्काल मूल पदस्थापना पर भेजने की मांग की है, वहीं दूसरी ओर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने शासन के निर्देशों के अनुरूप संलग्न कर्मचारियों को कार्यमुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
डीईओ श्री झा ने शासन के निर्देशों के पालन में कार्यमुक्ति की प्रक्रिया शुरू होने की पुष्टि की है। कहा कि कार्यमुक्त कर्मचारियों की जानकारी संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण को भेजी गई।
कांग्रेस नेता परवेज़ आलम गांधी ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि स्कूल शिक्षा मंत्री द्वारा 23 जून 2026 को आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में प्रदेश के सभी संयुक्त संचालकों (शिक्षा) एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को जिला एवं विकासखंड शिक्षा कार्यालयों में संलग्न शिक्षक,कर्मचारियों को तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अंबिकापुर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अब तक इन निर्देशों का पूर्ण पालन नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 37 स्वीकृत पदों के विरुद्ध वर्तमान में 67 शिक्षक एवं कर्मचारी कार्यरत हैं। उनके अनुसार करीब 30 शिक्षक एवं कर्मचारियों को मूल संस्था में कार्य कराए बिना संलग्न रखा गया है, जिससे शासन को प्रतिमाह लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हो रही है। ज्ञापन में कुछ कर्मचारियों को नियमों के विपरीत संलग्न रखने तथा कार्यालय के वित्तीय एवं खरीदी कार्यों में अनियमितताओं के भी आरोप लगाए गए हैं। कांग्रेस नेता ने कलेक्टर से हस्तक्षेप कर शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने तथा सभी संलग्न शिक्षक, कर्मचारियों को तत्काल उनकी मूल पदस्थापना पर भेजने की मांग की है।
इधर, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय अंबिकापुर ने शासन के निर्देशों के पालन में कार्रवाई शुरू कर दी है। 3 जुलाई 2026 को संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण, सरगुजा संभाग को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर के 25 जून 2026 के निर्देशों के तहत जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा (माध्यमिक) कार्यालय में संलग्न शिक्षक एवं कर्मचारियों को मूल पदस्थापना के लिए कार्यमुक्त किया जा रहा है।
पत्र में उल्लेख है कि संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी तथा विकासखंड स्रोत समन्वयक कार्यालयों में संलग्न सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों को मूल पदस्थापना पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में कार्यमुक्त कर्मचारियों की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में संयुक्त संचालक को भेज दी गई है।विभागीय सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा कार्यालयों में अनावश्यक संलग्नीकरण की व्यवस्था समाप्त करना है।