सरगुजा

आरटीआई अधिनियम पर सरगुजा वन वृत्त की कार्यशाला
03-Jul-2026 9:54 PM
आरटीआई अधिनियम पर सरगुजा वन वृत्त की कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 3 जुलाई। सरगुजा वन वृत्त के अंतर्गत सामान्य टेरिटोरियल एवं वन्यजीव प्रभागों के जन सूचना अधिकारियों तथा प्रथम अपीलीय अधिकारियों के लिए गुरुवार को सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम-2005 पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में सरगुजा संभाग के छह वन मंडलों से लगभग 125 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) दिलराज प्रभाकर के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को आरटीआई अधिनियम के नवीनतम प्रावधानों, कानूनी प्रक्रियाओं तथा सूचना आवेदनों के समयबद्ध और प्रभावी निराकरण के संबंध में प्रशिक्षित करना था।

कार्यशाला के मुख्य संसाधन व्यक्ति एवं प्रशिक्षक अधिवक्ता तथा आरटीआई कार्यकर्ता डॉ. डी.के. सोनी रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को आरटीआई अधिनियम की विभिन्न धाराओं, सूचना उपलब्ध कराने की प्रक्रिया, आवेदन के निस्तारण, प्रथम एवं द्वितीय अपील की व्यवस्था तथा अधिनियम से जुड़े कानूनी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

मुख्य वन संरक्षक दिलराज प्रभाकर ने बताया कि सूचना का अधिकार अधिनियम वर्ष 2005 से लागू है और इस विषय पर समय-समय पर प्रशिक्षण आयोजित किए जाते रहे हैं।

 पिछले लगभग एक वर्ष से इस तरह की कोई कार्यशाला नहीं हुई थी। इस दौरान अधिनियम से जुड़े कई नए व्यावहारिक पहलू सामने आए हैं, जिन्हें देखते हुए सरगुजा संभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

कोरिया (बैकुंठपुर) की वनमंडलाधिकारी प्रभाकर खलखो ने कहा कि आरटीआई को लेकर आम जनता के साथ-साथ कई बार अधिकारियों के बीच भी भ्रांतियां बनी रहती हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम सूचना मांगने वाले और सूचना उपलब्ध कराने वाले पक्षों के बीच बेहतर समझ विकसित करने में सहायक होते हैं, जिससे समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराने और अनावश्यक विवादों से बचने में मदद मिलती है।

कार्यशाला में वनमंडलाधिकारी, एसडीओ, रेंजर, जन सूचना अधिकारी, प्रथम अपीलीय अधिकारी, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं शाखा प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यशालाएं नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।


अन्य पोस्ट