सरगुजा

कांग्रेस 6 को निकालेगी ‘न्याय यात्रा’
02-Jul-2026 10:26 PM
कांग्रेस 6 को निकालेगी ‘न्याय यात्रा’

कहा-प्रभावशाली लोगों से जुड़े मामलों में कार्रवाई जानबूझकर धीमी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 2 जुलाई। सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में जिले के तीन चर्चित मामलों को लेकर पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों से जुड़े मामलों में जांच और कार्रवाई जानबूझकर धीमी की जा रही है। इसके विरोध में कांग्रेस 6 जुलाई को न्याय यात्रा निकालेगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने बताया कि 18-19 जून के बीच एक टेलिफोनिक बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें कला केंद्र मैदान के आबंटन को लेकर लाखों रुपए की रिश्वत के लेनदेन की बात सामने आई। इस ऑडियो में कथित तौर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, महापौर मंजूषा भगत और अनुराग मिश्रा के नाम सामने आए। कांग्रेस ने इस मामले में कलेक्टर, आजाक थाना और एसपी को ज्ञापन सौंपकर एसआईटी जांच की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद को भी उठाया। कांग्रेस का आरोप है कि 27 मई को विधायक और उनके समर्थकों द्वारा नायब तहसीलदार से मारपीट की गई थी, जिसके विरोध में पूरे प्रदेश के राजस्व कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। बावजूद इसके अब तक विधायक की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

कांग्रेस ने भि_ीकला की विधवा महिला की जमीन हड़पने के मामले में भी प्रशासन पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाया। बताया गया कि 24 डिसमिल जमीन के सौदे के नाम पर कूटरचना कर पूरी 3.14 एकड़ जमीन कब्जाने का मामला सामने आया है। कलेक्टर के निर्देश के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

6 जुलाई को निकलेगी

न्याय यात्रा

नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि यदि प्रभावशाली लोगों पर कार्रवाई नहीं होगी और केवल आम लोगों पर कानून लागू होगा तो जनता का भरोसा पुलिस प्रशासन से उठ जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति कानून व्यवस्था को कमजोर करेगी।कांग्रेस ने ऐलान किया कि इन तीनों मामलों में उचित कार्रवाई, एसआईटी गठन और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर 6 जुलाई को जिला कांग्रेस कमेटी ‘न्याय यात्रा’ निकालते हुए आईजी कार्यालय पहुंचेगी और ज्ञापन सौंपेगी।


अन्य पोस्ट