सरगुजा

नौगई प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग, संभागीय सर्व ब्राह्मण समाज ने आईजी को सौंपा ज्ञापन
01-Jul-2026 8:28 PM
नौगई प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग, संभागीय सर्व ब्राह्मण समाज ने आईजी को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 1 जुलाई। कोरिया जिले के ग्राम नौगई में हुई घटना को लेकर संभागीय सर्व ब्राह्मण समाज ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सरगुजा संभाग को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं बिना किसी बाहरी दबाव के जांच कराने की मांग की है।

समाज ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं समाज ने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रकरण की सीबीआई जांच कराने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि स्वतंत्र एजेंसी द्वारा जांच होने से मामले के सभी तथ्य निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सामने आएंगे। इससे वास्तविक दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होगी और निर्दोष व्यक्तियों को न्याय मिल सकेगा।

ज्ञापन में कहा गया है कि इस प्रकार की घटनाएं सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं। इसलिए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

समाज ने मांग की है कि जांच प्रक्रिया में किसी भी सामाजिक, राजनीतिक अथवा अन्य संगठन का अनावश्यक हस्तक्षेप न होने दिया जाए और जांच अधिकारियों पर किसी प्रकार का बाहरी दबाव नहीं बनाया जाए।

साथ ही, कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यकता पडऩे पर जनसभाओं, रैलियों एवं भीड़ एकत्रित करने वाले कार्यक्रमों पर नियंत्रण रखा जाए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि जांच के दौरान संबंधित परिवारों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों को बिना उचित कारण अनावश्यक पूछताछ का हिस्सा न बनाया जाए। जिन व्यक्तियों का घटना से प्रत्यक्ष संबंध नहीं है, उन्हें भी अनावश्यक रूप से थाने में बैठाकर मानसिक रूप से प्रताडि़त नहीं किया जाना चाहिए।

संभागीय सर्व ब्राह्मण समाज ने सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से भडक़ाऊ, उत्तेजक तथा समाज में वैमनस्य फैलाने वाले वक्तव्य देने वालों के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।


अन्य पोस्ट