सरगुजा

सरगुजा में रामायण शोधपीठ और कालिदास शोध संस्थान की स्थापना की मांग
01-Jul-2026 8:26 PM
सरगुजा में रामायण शोधपीठ और कालिदास शोध संस्थान की स्थापना की मांग

सीएम को पार्षद आलोक दुबे ने लिखा पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,1 जुलाई। नगर पालिक निगम अंबिकापुर के पार्षद एवं सरगुजा जिला पुरातत्व समिति के सदस्य आलोक दुबे ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर सरगुजा में रामायण शोधपीठ एवं कालिदास शोध संस्थान की स्थापना की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों की स्थापना से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में आलोक दुबे ने उल्लेख किया है कि सरगुजा क्षेत्र भगवान श्रीराम के वनवास काल से जुड़ा हुआ है और यहां अनेक पुरातात्विक अवशेष आज भी उस इतिहास के साक्ष्य हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महाकवि कालिदास की अमर कृति मेघदूत की प्रेरणा स्थली के रूप में भी सरगुजा का विशेष महत्व माना जाता है। ऐसे में यहां रामायण शोधपीठ और कालिदास शोध संस्थान की स्थापना सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।

उन्होंने अपने प्रस्ताव के समर्थन में तीन प्रमुख तर्क प्रस्तुत किए हैं। पहला, इन संस्थानों की स्थापना से भगवान श्रीराम के वनवास और कालिदास से जुड़े ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक तथ्यों का संरक्षण, दस्तावेजीकरण और शोध कार्य को बढ़ावा मिलेगा। दूसरा, सरगुजा धार्मिक एवं साहित्यिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। तीसरा, रामायण, संस्कृत साहित्य और आदिवासी संस्कृति पर शोध, अध्ययन, कार्यशालाओं एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों के आयोजन से युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोडऩे में मदद मिलेगी।

आलोक दुबे ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि सरगुजा में रामायण शोधपीठ एवं कालिदास शोध संस्थान की स्थापना के लिए शीघ्र आवश्यक पहल की जाए।

उनका कहना है कि यह पहल छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ सरगुजा को राष्ट्रीय और वैश्विक सांस्कृतिक मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।


अन्य पोस्ट