सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 जुलाई। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज़ आलम गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा को कमजोर कर ग्रामीण भारत की आजीविका और रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा ने गांवों में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ जल संरक्षण, सडक़, सिंचाई और अन्य विकास कार्यों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। कोरोना काल में भी यह योजना लाखों ग्रामीण परिवारों के लिए सहारा बनी थी।
उन्होंने कहा कि बजट में कटौती, मजदूरी भुगतान में देरी और नई प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण योजना का प्रभाव घट रहा है। उनका दावा है कि मार्च 2026 तक विभिन्न राज्यों का 17,144.13 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान लंबित है, जिससे लाखों श्रमिक परिवार प्रभावित हो रहे हैं।
परवेज़ गांधी ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और कृषि संकट के बीच मनरेगा को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने मजदूरों की दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 400 रुपये करने, लंबित भुगतान तत्काल जारी करने, योजना का बजट बढ़ाने तथा राज्यों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ समाप्त करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों, किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए मनरेगा को कमजोर करने के हर प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।