सरगुजा

बारिश में पशुधन को बीमारियों से बचाने के लिए बरतें विशेष सावधानी-डॉ. सीके मिश्रा
01-Jul-2026 8:24 PM
बारिश में पशुधन को बीमारियों से बचाने के लिए बरतें विशेष सावधानी-डॉ. सीके मिश्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,1 जुलाई। वर्षा ऋतु के दौरान अधिक नमी, जलभराव तथा गंदगी के कारण पशुओं में संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में पशुपालकों को पशुधन की देखभाल और रोगों से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। अतिरिक्त उपसंचालक, पशुपालन विभाग अंबिकापुर डॉ. सी.के. मिश्रा ने पशुपालकों से समय पर टीकाकरण एवं आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि वर्षा के मौसम में पशु शेड का फर्श हमेशा सूखा रखना चाहिए तथा पानी का जमाव नहीं होने देना चाहिए। शेड में पर्याप्त हवा और रोशनी के लिए खिड़कियां एवं दरवाजों की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही शेड के आसपास की नालियों की नियमित सफाई करते रहें, ताकि गोबर, मूत्र और गंदा पानी जमा न हो तथा मच्छर-मक्खियों और रोग फैलाने वाले जीवाणुओं का प्रकोप कम रहे।

डॉ. मिश्रा ने पशुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शेड के पास साफ पानी से भरा पात्र रखें, ताकि पशु बरसात के गड्ढों में भरा दूषित पानी न पीएं। इसके अलावा वर्षा ऋतु में हरा चारा और संतुलित आहार देने से पशुओं को आवश्यक पोषक तत्व मिलते हैं और उनकी पाचन क्षमता भी बेहतर बनी रहती है।

उन्होंने बताया कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले पशुओं का कृमिनाशन (डीवॉर्मिंग) कराना जरूरी है। कृमिनाशन के बाद किया गया टीकाकरण अधिक प्रभावी होता है। इस मौसम में गलघोटू, लंगड़ा बुखार (ब्लैक क्वार्टर), एंटेरोटॉक्सेमिया, पीपीआर, स्वाइन फीवर तथा खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इन रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है।

उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग में इन सभी बीमारियों के टीके नि:शुल्क उपलब्ध हैं। विभाग द्वारा नियमित रूप से टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने सभी पशुओं का समय पर टीकाकरण कराएं, ताकि पशुधन स्वस्थ रहे, उत्पादन क्षमता प्रभावित न हो और अनावश्यक उपचार व्यय से बचा जा सके।

डॉ. मिश्रा ने सलाह दी कि भारी वर्षा के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ें, बल्कि सुरक्षित शेड में रखें। तेज बारिश के समय उनसे खेत जोतने या अन्य श्रम कार्य न कराएं। इसके अलावा पशु शेड में समय-समय पर रोगाणुनाशक दवाओं का छिडक़ाव करें तथा शाम के समय गोबर के कंडों और नीम की पत्तियों का धुआं करने से मच्छर एवं मक्खियों की संख्या कम की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी और समय पर अपनाए गए बचाव के उपाय वर्षा ऋतु में पशुधन को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के साथ उनकी उत्पादकता बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


अन्य पोस्ट