सरगुजा

म्यूल अकाउंट, एक गिरफ्तार खाते में मिली ठगी की रकम
30-Jun-2026 8:58 PM
म्यूल अकाउंट, एक गिरफ्तार खाते में मिली ठगी की रकम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 30 जून। सरगुजा पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में गेमिंग, धोखाधड़ी और अन्य अपराधों से जुड़ी राशि प्राप्त होने तथा एक से अधिक संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिलने पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र से प्राप्त जानकारी और पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर फर्जी मोबाइल नंबर जारी करने वाले पॉइंट ऑफ सेल संचालकों तथा म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान बेलखरीखा निवासी मोहम्मद सम्मी के बैंक खाते का उपयोग साइबर ठगी की राशि प्राप्त करने के लिए किए जाने का खुलासा हुआ। खाते के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन शिकायतें भी दर्ज थीं। खाते में 2430 रुपये की संदिग्ध राशि मिलने और एक से अधिक बार ट्रांजेक्शन होने के बाद थाना गांधीनगर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने मोहम्मद सम्मी को पीजी कॉलेज के पास से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अनुज सिंह के साथ मिलकर बैंक खाता कमीशन के बदले उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, खाते का उपयोग गेमिंग और साइबर फ्रॉड से संबंधित रकम प्राप्त करने के लिए किया जाता था।

प्रकरण में आरोपी अनुज सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है। वहीं मोहम्मद सम्मी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


अन्य पोस्ट