सरगुजा
‘स्कूल इंटर्नशिप रिपोर्ट’ पुस्तक का विमोचन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिश्रामपुर, 30 जून। पार्वती इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग रिसर्च एंड मैनेजमेंट बी.एड. कॉलेज, मदनपुर-सिलफिली में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित शिक्षक शिक्षा पर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन मंगलवार को संपन्न हो गया। सम्मेलन में भारत सहित विभिन्न देशों के शिक्षाविदों, शिक्षक-शिक्षकों, प्राचार्यों, प्रोफेसरों, शोधकर्ताओं और शिक्षा नीति विशेषज्ञों ने शिक्षक शिक्षा एवं उच्च शिक्षा में एआई की भूमिका, संभावनाओं और चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया।
सम्मेलन का आयोजन संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, अंबिकापुर के कुलपति प्रो. राजेन्द्र लकपले तथा विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के कुलपति प्रो. (डॉ.) चन्द्र भूषण शर्मा के संरक्षण में किया गया। मुख्य संरक्षक अशोक नाथ तिवारी रहे। आयोजन में चेयरमैन प्रमेंद्र तिवारी, निदेशक नरेन्द्र सिंह टुटेजा, सीईओ राकेश तिवारी तथा कॉलेज की प्राचार्या डॉ. छवि रानी मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम एसबीएम शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय एवं श्री रामकृष्ण सारदा आश्रम टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, हजारीबाग के सहयोग से आयोजित किया गया।
सम्मेलन का मुख्य विषय ‘वैश्विक परिप्रेक्ष्य में शिक्षक शिक्षा एवं उच्च शिक्षा के रूपांतरण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का एकीकरण’ रहा। दो दिनों तक चले विशेषज्ञ व्याख्यान, तकनीकी सत्र और शोध-पत्र प्रस्तुतियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, डिजिटल नवाचार, अनुसंधान की नई संभावनाओं तथा एआई के नैतिक और सामाजिक पहलुओं पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था को अधिक समावेशी, नवाचारी और तकनीक-सक्षम बनाने पर जोर दिया।
सम्मेलन के दौरान 'School Internship Report (SIR)Ñ A Practical Journey in Teaching' पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
डॉ. समाप्ति कुमार पाल, डॉ. शशिकांत यादव और डॉ. कल्पना प्रिया द्वारा संपादित यह पुस्तक डीएलएड, बीएड एवं एमएड प्रशिक्षुओं के लिए विद्यालयी इंटर्नशिप का उपयोगी संदर्भ ग्रंथ बताई गई। पुस्तक का विमोचन यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ अफ्रीका (यूनीसा) की व्याख्याता डॉ. नॉनकान्यिसो पामेला शबालाला सहित देश-विदेश के शिक्षाविदों ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्य वक्ता डॉ. नॉनकान्यिसो पामेला शबालाला ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार और समावेशी विकास को नई दिशा देने में सक्षम है, लेकिन इसका उपयोग मानवीय मूल्यों और नैतिक दृष्टिकोण के साथ किया जाना चाहिए। वहीं डॉ. रितेश वर्मा, रशिका निरंजला कुमारी दिशा नायके तथा सिद्धो-कान्हो-बिरसा विश्वविद्यालय, पुरुलिया के डॉ. प्रमोद गोप ने शिक्षक शिक्षा में नवाचार, अनुसंधान, वैश्विक शैक्षणिक सहयोग और तकनीक के प्रभावी उपयोग पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय तीनों महाविद्यालयों के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के मार्गदर्शन में किया गया। सम्मेलन की सफलता में शिक्षकों, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं की सक्रिय भागीदारी रही। आयोजकों ने इसे शिक्षक शिक्षा एवं उच्च शिक्षा में वैश्विक अकादमिक सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।