सरगुजा
अधिकारों की रक्षा और संगठन विस्तार पर सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग का जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 जून। शहर के कंवर भवन में सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग की संभाग स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा तथा विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। युवा प्रभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष सिंह परते ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और समाज के अधिकारों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में स्थानीय भर्ती, आरक्षण एवं जनगणना, निजीकरण का विरोध, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, भू-माफिया नियंत्रण कानून, परिसीमन, ग्राम सभा की अनिवार्य सहमति, उद्योग, व्यापार एवं खनन में आदिवासियों की हिस्सेदारी, आस्था केंद्रों एवं देवगुडिय़ों का संरक्षण, पेसा एवं वन अधिकार कानून का प्रभावी क्रियान्वयन, आदिवासी शिक्षा, मातृभाषा तथा पांचवीं अनुसूची के संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष सुभाष सिंह परते ने 22 जून को आयोजित प्रदेशव्यापी ज्ञापन अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अधिसूचित क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने से समाज और अधिक सशक्त होगा।
उन्होंने संभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि एक माह के भीतर प्रत्येक जिले में ब्लॉक स्तर तक संगठन की इकाइयों का गठन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही अपनी मांगों को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में सक्षम होता है।
बैठक में संभाग अध्यक्ष डॉ. अमृत सिंह मरावी, युवा प्रभाग सरगुजा संभाग अध्यक्ष क्षितिज सिंह उईके, सूरजपुर जिला अध्यक्ष बीपीएस पोया, सरगुजा जिला अध्यक्ष आशीष सिंह कुसरो सहित संभाग, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में संगठन के विस्तार, समाज के हितों की रक्षा तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।