सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 जून। कलाकेन्द्र मैदान के आबंटन में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े वायरल ऑडियो मामले में जिला कांग्रेस कमेटी ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। रविवार को निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक सरगुजा को ज्ञापन सौंपते हुए तीन दिनों के भीतर एसआईटी गठित करने की मांग की।
कांग्रेस का आरोप है कि वायरल टेलीफोनिक ऑडियो में कलाकेन्द्र मैदान में मीना बाजार लगाने के एवज में लाखों रुपये के लेनदेन की बातचीत सुनाई दे रही है। दावा किया जा रहा है कि ऑडियो में मौजूद आवाज महापौर मंजूषा भगत और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की है।
कांग्रेस ने बताया कि 22 जून को इस मामले की जांच की मांग को लेकर कलेक्टर सरगुजा को भी ज्ञापन सौंपा गया था। वहीं, महापौर ने उसी दिन ऑडियो को एआई जनरेटेड बताते हुए आदिम जाति कल्याण थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 27 जून को आदिम जाति कल्याण थाना पहुंचकर शिकायत की प्रगति की जानकारी ली गई, जहां पुलिस ने बताया कि मामला उनके क्षेत्राधिकार का नहीं होने के कारण न तो एफआईआर दर्ज की गई है और न ही जांच शुरू हुई है।
इसके बाद रविवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महापौर की शिकायत के बाद मामला बहुआयामी हो गया है। एक ओर ऑडियो को एआई जनरेटेड बताया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर उसमें सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आ रहे हैं। ऐसे में निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी का गठन आवश्यक है।
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि वॉयस सैंपल, फोरेंसिक जांच और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है। उन्होंने संबंधित लोगों से अपना कॉल रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की भी मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो संदेह और गहरा होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर एसआईटी गठित कर जांच शुरू नहीं की गई तो कांग्रेस व्यापक आंदोलन करेगी और न्यायालय की शरण लेने पर भी विचार करेगी।
इस दौरान मोहम्मद इस्लाम, हेमंत तिवारी, नुरुल अमीन सिद्दीकी, मदन जायसवाल, संजय सिंह, जमील खान, लोकेश कुमार, जीवन यादव, विनय गुप्ता, लुकस एक्का, नरेंद्र विश्वकर्मा, शुभम जायसवाल, अमित तिवारी राजा, सोहन जायसवाल, अमित सिन्हा, मिथुन सिंह, काजू खान, तीरथ चौधरी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।