सरगुजा

जमीन पर सो रही महिला को सांप ने काटा, मौत
28-Jun-2026 8:54 PM
जमीन पर सो रही महिला को सांप ने काटा, मौत

अंबिकापुर, 28 जून। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नरकालो में जमीन पर सो रही बुजुर्ग महिला को करैत सांप ने डस लिया। गंभीर हालत में उसे पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम नरकालो निवासी मुनिया बाई 26 जून की रात अपनी बेटी शीतल और उसके बच्चों के साथ जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थी। रात करीब 3 बजे उन्हें किसी जहरीले जीव के काटने का एहसास हुआ। नींद खुलते ही उन्होंने शोर मचाया कि उन्हें सांप ने काट लिया है।

आवाज सुनकर परिजन जागे और तलाश करने पर महिला के पेटीकोट के अंदर करैत सांप मिला। इसके बाद परिजन तत्काल उन्हें संगवारी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान 27 जून की शाम करीब 4 बजे मुनिया बाई ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद अस्पताल प्रबंधन ने शव परिजनों को सौंप दिया।


अन्य पोस्ट