सरगुजा

सरगुजा जिले के 1.42 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
28-Jun-2026 8:53 PM
सरगुजा जिले के 1.42 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

महापौर ने पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 28 जून। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को जिला चिकित्सालय में नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस दौरान बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई।

अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 42 हजार 685 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 899 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां 1104 टीमों के माध्यम से 2204 वैक्सीनेटर तैनात किए गए हैं। पहले दिन बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी, जबकि दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें घर-घर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी विकासखंडों में माइक्रोप्लान के अनुरूप पोलियो वैक्सीन का वितरण किया जा चुका है। विद्यालयों में बनाए गए पोलियो बूथों के संचालन और बच्चों को बूथ तक लाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सहयोग लिया जा रहा है। वहीं प्रवासी बस्तियों, ईंट-भ_ों, निर्माण स्थलों तथा दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे।

महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि पोलियो की दो बूंद बच्चों को आजीवन दिव्यांगता से बचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाने तथा अन्य परिवारों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में पार्षद ममता तिवारी, किरण मिश्रा, अनिल तिवारी एवं अभय साहू ने भी अभियान को सफल बनाने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. जे.के. रेलवानी, डॉ. राजेश भजगावली, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. के.पी. विश्वकर्मा, संतोष सिंह, सुरेश एक्का, सुपरवाइजर धनंजय प्रताप सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्टाफ नर्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संजय कुमार पाण्डेय ने किया, जबकि जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. के.पी. विश्वकर्मा ने आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट