सरगुजा

चरित्र शंका में विवाद, पति की हत्या, बंदी
28-Jun-2026 8:52 PM
चरित्र शंका में विवाद, पति की हत्या, बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बतौली, 28 जून। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद में पत्नी द्वारा पति की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। हत्या में प्रयुक्त ईंट-पत्थर, लकड़ी का फाड़ी तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कदनई लोटाभावना निवासी सरोता मझवार ने थाना बतौली में सूचना दी कि उसके पिता नेतराम मझवार 26 जून की रात घर लौटे थे। अगले दिन सूचना मिली कि वे घर के आंगन में घायल अवस्था में पड़े हैं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मर्ग जांच, घटनास्थल निरीक्षण और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने पाया कि 26 जून की रात करीब 10 बजे नेतराम मझवार और उनकी पत्नी मानकुंवर के बीच चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ था। विवाद से नाराज होकर मानकुंवर ने ईंट-पत्थर और लकड़ी के फाड़ी से पति के सिर, माथे, चेहरे, कंधे और पीठ पर हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पूछताछ में आरोपी मानकुंवर (40 वर्ष), निवासी कदनई लोटाभावना, थाना बतौली ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट-पत्थर, लकड़ी का फाड़ी तथा घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए।

 


अन्य पोस्ट