सरगुजा

दिल्ली से लौटे जनजातीय सांस्कृतिक समागम के प्रतिनिधियों का पारंपरिक गोड़ धोनी से स्वागत
27-Jun-2026 10:01 PM
दिल्ली से लौटे जनजातीय सांस्कृतिक समागम के प्रतिनिधियों का पारंपरिक गोड़ धोनी से स्वागत

जनजाति सुरक्षा मंच ने किया सम्मान समारोह आयोजित, डीलिस्टिंग कानून की मांग दोहराई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 27 जून। देश की राजधानी दिल्ली के लाल किला मैदान में आयोजित जनजातीय सांस्कृतिक समागम में भाग लेकर लौटे सरगुजा के प्रतिनिधियों का पटेलपारा स्थित उरांव सामाजिक भवन में पारंपरिक गोड़ धोनी के साथ भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।

 कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा और बाबा कार्तिक उरांव के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनजाति सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय संयोजक गणेशराम भगत ने कहा कि जनजातीय समाज में पैर धोने की परंपरा सम्मान, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि डीलिस्टिंग कानून लागू होने तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही घोषणा की कि 29 अक्टूबर को बाबा कार्तिक उरांव की जयंती पर अंबिकापुर में डीलिस्टिंग गर्जना महारैली आयोजित की जाएगी।

उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, बाबा कार्तिक उरांव और संत गहिरा गुरु के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए जनजातीय समाज के अधिकारों और संस्कृति की रक्षा के लिए जनजागरण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन कर चुके लोगों को जनजातीय आरक्षण का लाभ नहीं मिलना चाहिए तथा समाज को इस विषय पर जागरूक रहना होगा।

प्रांत सह संयोजक इन्दर भगत ने कहा कि दिल्ली में आयोजित जनजातीय सांस्कृतिक समागम जनजातीय एकता, संस्कृति, अस्मिता और अधिकारों के संरक्षण का सशक्त मंच बना। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में देशभर से तीन लाख से अधिक जनजातीय समाज के लोग शामिल हुए, जिनमें सरगुजा से भी बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों ने भागीदारी कर क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक बिहारीलाल उरांव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला सह संयोजक रज्जू राम ने किया। समारोह में जनजाति सुरक्षा मंच के प्रांत एवं जिला पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट