सरगुजा

ससुराल की प्रताडऩा से तंग नवविवाहिता ने की खुदकुशी
27-Jun-2026 9:58 PM
ससुराल की प्रताडऩा से तंग नवविवाहिता ने की खुदकुशी

लाश पर मिले चोट के निशान, पति समेत सास-ससुर व देवर पर प्रताडऩा का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर, 27 जून। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में ससुराल पक्ष की कथित प्रताडऩा से परेशान एक नवविवाहिता ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

मृतका की पहचान सीमा यादव के रूप में हुई है। उसका विवाह लगभग चार वर्ष पूर्व देवगढ़ निवासी सतीश यादव से हुआ था। बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला गांव के समीप एक बड़े पेड़ पर चढ़ी और वहीं फांसी लगा ली।

मृतका के शव पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। इसे लेकर मायके पक्ष ने पति सतीश यादव, देवर, सास और ससुर पर प्रताडऩा तथा मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के पिता का कहना है कि उनकी बेटी लंबे समय से ससुराल में प्रताडऩा झेल रही थी। उन्होंने बताया कि सामाजिक मर्यादा और परिवार की प्रतिष्ठा को देखते हुए वे बेटी को लगातार समझाते रहे कि समय के साथ सब कुछ ठीक हो जाएगा, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर मायके और ससुराल पक्ष के लोग बड़ी संख्या में जुट गए, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद और धक्का-मुक्की की स्थिति भी निर्मित हो गई।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य तथा परिजनों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट