सरगुजा

सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा से लौटे सरगुजा के साहित्यकार, साझा किए अनुभव
27-Jun-2026 9:58 PM
सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा से लौटे सरगुजा के साहित्यकार, साझा किए अनुभव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 27 जून। छत्तीसगढ़ शासन की पहल ‘सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा ’ में शामिल सरगुजा संभाग के साहित्यकार, कलाकार एवं विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट प्रतिभाएं सोमनाथ के दर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता के बाद सकुशल अपने-अपने गृह जिलों को लौट आईं।

मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं मंत्री राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य सोमनाथ मंदिर के निर्माण के एक हजार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करना था।

22 जून को विशेष ट्रेन के माध्यम से रवाना हुए दल ने छत्तीसगढ़ की प्रमुख नदियों का पवित्र जल कलशों में तथा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की मिट्टी साथ लेकर सोमनाथ पहुंचकर विशेष पूजन एवं अभिषेक किया। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने सोमनाथ मंदिर के दर्शन के साथ गुजरात की सांस्कृतिक धरोहरों का भी अवलोकन किया तथा छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, साहित्य और परंपराओं का परिचय कराया।

यात्रा में सरगुजा जिले से 87 प्रतिष्ठित नागरिक, साहित्यकार, कलाकार तथा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित व्यक्तियों ने भाग लिया। इनमें राजेश तिवारी, आचार्य दिग्विजय सिंह तोमर, रंजीत सारथी, सुरेंद्र साहू, डॉ. अंचल कुमार सिन्हा, भारत वर्मा, महेंद्र विश्वकर्मा, रानू साहू, सुधीर पाठक और राजेंद्र विश्वकर्मा सहित अन्य प्रतिभागी शामिल रहे।

यात्रा से लौटे प्रतिभागियों ने इसे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट