सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 जून। दहेज प्रताडऩा के एक मामले में समझौते की कोशिश के दौरान पति द्वारा रिश्तेदारों और दोनों पक्षों के लोगों के सामने पत्नी को कथित रूप से ट्रिपल तलाक देने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के मोमिनपुरा निवासी 31 वर्षीय सहाना बानो का निकाह 18 जून 2022 को सदर रोड निवासी कारोबारी शोएब खान से हुआ था। पीडि़ता का आरोप है कि विवाह के कुछ माह बाद से ही पति और ससुराल पक्ष द्वारा कम दहेज लाने का ताना देकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जाने लगा।
महिला ने पुलिस को बताया कि निकाह के समय उसके परिजनों ने घरेलू सामान के साथ तीन लाख रुपये नकद भी दिए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती रही। मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार प्रताडि़त किया गया।
पीडि़ता के अनुसार, बेटी के जन्म के बाद पारिवारिक विवाद और बढ़ गया। प्रताडऩा से परेशान होकर वह अपनी बेटी के साथ मायके में रहने लगी और महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को काउंसलिंग और समझौते के लिए बुलाया था।
महिला का आरोप है कि 6 जून को उसके परिजन और मोहल्ले के कुछ लोग उसे लेकर पति के घर पहुंचे, जहां दोनों परिवारों के बीच समझौते का प्रयास किया गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने पति-पत्नी को साथ रहने की सलाह दी, लेकिन शोएब खान ने पत्नी को साथ रखने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसने सभी के सामने तीन बार तलाक कहकर ट्रिपल तलाक दे दिया।
समझौता विफल होने के बाद महिला ने पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस से की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने 25 जून को आरोपी पति के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 की धारा 4 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत एवं प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और विवेचना के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।