सरगुजा
अंबिकापुर, 26 जून। प्रदेश सरकार ने नगरीय निकायों में नामांकित पार्षद (एल्डरमैन) की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत अंबिकापुर नगर निगम में नौ एल्डरमैन मनोनीत किए गए हैं। यह नियुक्ति आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगी।
जारी आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 9(1)(ग) तथा छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 19(1)(ग) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्य शासन ने इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है।
अंबिकापुर नगर निगम के लिए मनोनीत एल्डरमैन में करता राम गुप्ता,सावित्री जायसवाल,राजबहादुर सिंह, शरद सिन्हा,किरण सोनी,संतोष दास,तजिंदर बग्गा, रमेश जायसवाल,श्रीधर केशरी (दिव्यांग) है।
एल्डरमैन की नियुक्ति के साथ ही नगर निगम की राजनीतिक गतिविधियों में भी हलचल तेज हो गई है। नव मनोनीत पार्षदों को विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों की ओर से बधाइयां दी जा रही हैं। वहीं, नियुक्तियों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा का दौर भी शुरू हो गया है।