सरगुजा

मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा
26-Jun-2026 9:35 PM
मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 जून। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, अंबिकापुर में ब्रह्माकुमारी संस्था की प्रथम प्रशासिका मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती (मम्मा) का स्मृति दिवस श्रद्धा एवं आध्यात्मिक भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, त्याग, सेवा और आध्यात्मिक योगदान को स्मरण किया गया।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी केंद्र की संचालिका बीके विद्या दीदी सहित ब्रह्माकुमारी बहनों एवं मुख्यालय मधुबन से आए बीके कमल भाई, बीके संजीव भाई, बीके हितेश भाई, बीके दत्ता भाई, बीके दीपक भाई तथा बीके शैलेंद्र भाई ने मातेश्वरी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने बताया कि मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती का लौकिक नाम राधे था। उनका जन्म वर्ष 1919 में पंजाब के अमृतसर के एक समृद्ध परिवार में हुआ था। किशोरावस्था में ओम मंडली सत्संग के दौरान उनकी मुलाकात ब्रह्मा बाबा से हुई। उनकी आध्यात्मिक निष्ठा, समर्पण और अलौकिक गुणों से प्रभावित होकर ब्रह्मा बाबा ने उन्हें ईश्वरीय यज्ञ की वारिस बच्ची तथा बाद में मातेश्वरी (मम्मा) के रूप में दायित्व सौंपा।

कार्यक्रम में बताया गया कि मम्मा ज्ञान, प्रेम और त्याग की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने सैकड़ों भाई-बहनों का मातृवत स्नेह से मार्गदर्शन किया। मुरली ज्ञान की गहरी समझ, मधुर व स्पष्ट वाणी तथा योगनिष्ठ जीवन के कारण वे सभी के लिए प्रेरणास्रोत बनीं। 24 जून 1965 को उन्होंने देह त्याग कर अव्यक्त वतनवासी होने का संदेश दिया।

इस अवसर पर आयोजित दो दिवसीय भट्टी कार्यक्रम के तहत मधुबन से आए भाइयों ने मेडिटेशन, विशेष आध्यात्मिक कक्षाओं एवं योग अभ्यास का संचालन किया। साथ ही उन्होंने अपने योगी जीवन के अनुभव साझा कर उपस्थित भाई-बहनों को आध्यात्मिक जीवन के प्रति प्रेरित किया।


अन्य पोस्ट