सरगुजा

लंबित दोषमुक्ति प्रकरणों की होगी समीक्षा
26-Jun-2026 9:34 PM
लंबित दोषमुक्ति प्रकरणों की होगी समीक्षा

डीआईजी-एसएसपी ने अभियोजन अधिकारियों के साथ की संयुक्त बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 जून। सरगुजा के डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में जिला अभियोजन अधिकारी, सहायक जिला अभियोजन अधिकारियों एवं लोक अभियोजकों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में लंबे समय से लंबित दोषमुक्ति (एक्विटल) प्रकरणों की समीक्षा कर उनमें नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डीआईजी-एसएसपी ने अभियोजन अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लंबित सेशन ट्रायल प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी सहायक जिला अभियोजन अधिकारियों एवं लोक अभियोजकों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों की शीघ्र समीक्षा कर विस्तृत रिपोर्ट जिला अभियोजन अधिकारी (डीपीओ) कार्यालय में प्रस्तुत करें।

बैठक के दौरान दोषमुक्ति के कारणों का विश्लेषण कर उन्हें दूर करने तथा न्यायालय में दोषसिद्धि की दर बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रकरणों में पाई जाने वाली कमियों एवं त्रुटियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि विचारण के दौरान आरोपियों को तकनीकी खामियों का लाभ न मिल सके और मामलों में प्रभावी पैरवी के माध्यम से दोषसिद्धि सुनिश्चित हो।

बैठक में उप संचालक अभियोजन राजेश खलखो, जिला अभियोजन अधिकारी चंद्रप्रकाश केशरी, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी अल्बर्ट टोप्पो एवं नटराज पाण्डेय, लोक अभियोजक गौरांगो सिंह, नरेंद्र पाण्डेय (जीपी), विवेक शुक्ला (एसजीपी), रीडर अमित पाण्डेय सहित अभियोजन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट