सरगुजा

लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान, आपातकाल के संघर्ष को किया याद
26-Jun-2026 9:33 PM
 लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान, आपातकाल के संघर्ष को किया याद

अंबिकापुर, 26 जून। संविधान हत्या दिवस के अवसर पर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी जिला सरगुजा द्वारा संकल्प भवन स्थित जिला कार्यालय में जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 1975 के आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों (मीसाबंदियों) एवं उनके परिजनों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही अंबिकापुर से दिल्ली के बीच सप्ताह में दो दिन हवाई सेवा शुरू कराने के लिए सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज का भी सम्मान किया गया।

सम्मेलन में वक्ताओं ने वर्ष 1975 के आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए उस दौर में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रेस की आजादी और नागरिक अधिकारों पर लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को स्मरण करते हुए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।

मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि आपातकाल के दौरान संविधान की भावना को कुचलते हुए नागरिक अधिकारों पर कठोर प्रतिबंध लगाए गए थे। लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से ही देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था की पुनर्स्थापना संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को उस दौर के इतिहास से अवगत कराना आवश्यक है।

सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि लोकतंत्र भारत की आत्मा है और आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करने वालों का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि संविधान हत्या दिवस केवल इतिहास को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की मर्यादा की रक्षा का संकल्प लेने का भी दिन है।

कार्यक्रम में त्रिवेणी राम कश्यप, परमात्मा सिंह, विजय शंकर शुक्ला, श्रीमती देवेंद्र कौर, श्रीमती तारा देवी, किरण मिश्रा एवं श्रीमती मंजू सिंह सहित लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिजनों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने किया तथा आभार जिला महामंत्री अरुणा सिंह ने व्यक्त किया। इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, डॉ. अम्बिकेश केशरी, मधुसूदन शुक्ला, विकास पांडेय, दिनेश साहू, मधु चौदाहा, नीरू मिस्त्री, अनिल अग्रवाल, चंद्रिका प्रसाद यादव सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, लोकतंत्र सेनानी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट