सरगुजा

म्यूल अकाउंट, 4 गिरफ्तार, एक की तलाश
25-Jun-2026 9:43 PM
म्यूल अकाउंट, 4 गिरफ्तार, एक की तलाश

खातों में आते थे साइबर ठगी के रुपए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 25 जून। साइबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल अकाउंट और संदिग्ध मोबाइल नंबरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो बैंक खाताधारक भी शामिल हैं, जिनके खातों में साइबर धोखाधड़ी से संबंधित रकम जमा होना पाया गया था। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है, जबकि मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी और पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशों के आधार पर संदिग्ध म्यूल अकाउंट धारकों एवं फर्जी मोबाइल नंबर जारी करने वाले पॉइंट ऑफ सेल्स (पीओएस) के खिलाफ जांच की जा रही थी। जांच के दौरान बाबूपारा अंबिकापुर निवासी शुभम यादव के बैंक खाते में साइबर ठगी से संबंधित 42,499 रुपये तथा संत गहिरा गुरु वार्ड निवासी धीरज पाण्डेय के खाते में 22,563 रुपये जमा होना पाया गया। दोनों खातों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन शिकायतें भी दर्ज थीं।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शुभम यादव, धीरज पाण्डेय, शिवम यादव और कृष गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार कर ली।

 जांच में सामने आया कि शिवम यादव और कृष गुप्ता ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत शुभम यादव और धीरज पाण्डेय के नाम से सिम कार्ड निकलवाकर बैंक खाते खुलवाए और उन खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 317(4) और 61(2) के तहत कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 428/26 दर्ज किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना से संबंधित मोबाइल और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।


अन्य पोस्ट