सरगुजा

मोहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक
25-Jun-2026 9:42 PM
मोहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक

रैली मार्ग, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 25 जून। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से लखनपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस विभाग, मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया तथा पर्व के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में तहसीलदार अमन चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी संपत पोटाई की उपस्थिति में मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा विभिन्न स्थानों पर आवश्यक सुविधाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान लखनपुर, जूनाडीह एवं राजकटेल क्षेत्र में निकलने वाले ताजिया जुलूसों के सफल संचालन को लेकर भी चर्चा हुई।

प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। जुलूस के दौरान डीजे एवं साउंड सिस्टम की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा कानून-व्यवस्था का पालन करने पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम पर्व के दौरान नगर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि जुलूस एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो सकें।

बैठक में मोहर्रम कमेटी के सदर हाजी इदरीस खान, सचिव नसरत अली, सदर गौहर अली, सरफुद्दीन अंसारी, अबरार खान, पीर मोहम्मद, हाशिम खान, जानिसार अख्तर, इमरान अंसारी, शमशेर खान, जमील अहमद सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ मोहर्रम पर्व मनाने का संकल्प लिया।


अन्य पोस्ट