सरगुजा
अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की मांग तेज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 25 जून। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर इन दिनों शिक्षकों की भारी कमी से जूझ रहा है। वर्ष 1978 से संचालित इस विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के बावजूद राजनीति विज्ञान, संस्कृत और गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों के नियमित शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
इस संबंध में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार लगातार शिक्षक भर्ती कर रही है। जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, वहां आवश्यक व्यवस्था की जा रही है ताकि शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।
वहीं सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा संजय गुप्ता ने कहा कि उन्हें विद्यालय में शिक्षक, लिपिक और भृत्य के रिक्त पदों की जानकारी नहीं है। यदि ऐसी स्थिति है तो विद्यालय के प्राचार्य से जानकारी प्राप्त कर आवश्यकता अनुसार आसपास के विद्यालयों से शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी।
करीब 48 वर्षों से कन्या शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहे इस विद्यालय में नगर सहित आसपास के दर्जनों गांवों की छात्राएं अध्ययन करती हैं। विद्यालय में छात्राओं की संख्या 500 से 800 के बीच बताई जाती है। हर वर्ष यहां प्रवेश के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक अपनी बेटियों का नामांकन कराते हैं। विद्यालय की कई पूर्व छात्राएं प्रशासनिक सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर चुकी हैं।
राज्य शासन द्वारा 16 जून से नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ कर दिया गया है, लेकिन विद्यालय में राजनीति विज्ञान, संस्कृत और गणित विषय के शिक्षक नहीं होने से नियमित कक्षाएं प्रभावित हो रही हैं। छात्राओं का कहना है कि बोर्ड परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विषय विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन आवश्यक है।
पिछले वर्ष राज्य सरकार द्वारा शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण अभियान के माध्यम से शिक्षक विहीन विद्यालयों में पदस्थापना का प्रयास किया गया था, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका। आज भी कई महत्वपूर्ण विषय शिक्षक विहीन हैं।
शिक्षकों की कमी के कारण कई शिक्षकों को अपनी विशेषज्ञता के अलावा अन्य विषयों की जिम्मेदारी भी निभानी पड़ रही है। इससे शिक्षकों का कार्यभार बढऩे के साथ-साथ शिक्षण गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
वहीं शिक्षकों को आधार अपडेट, अपार आईडी निर्माण, ऑनलाइन डेटा एंट्री, सर्वेक्षण, निर्वाचन कार्य और विभागीय रिपोर्टिंग जैसे गैर-शैक्षणिक कार्यों में भी समय देना पड़ रहा है, जिससे नियमित शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है।
चौकीदार, भृत्य और लिपिक के पद भी रिक्त
विद्यालय में शिक्षकों के अलावा चौकीदार, भृत्य तथा दो लिपिकों के पद भी लंबे समय से रिक्त हैं। कन्या विद्यालय होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था के लिए चौकीदार का पद महत्वपूर्ण माना जाता है। वहीं भृत्य और लिपिकों की कमी से प्रशासनिक एवं कार्यालयीन कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
अभिभावकों का कहना है कि वे अपनी बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के उद्देश्य से इस विद्यालय में भेजते हैं, लेकिन लगातार बनी शिक्षक कमी चिंता का विषय है। छात्राओं ने भी विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों और शिक्षा प्रेमियों का कहना है कि नियमित भर्ती प्रक्रिया में समय लग सकता है, इसलिए राजनीति विज्ञान, संस्कृत और गणित विषयों के लिए तत्काल अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की जानी चाहिए ताकि छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो।