सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 25 जून। शहर के कलेक्ट्रेट के सामने स्थित गांधी उद्यान (कला केंद्र) को उसके मूल स्वरूप में विकसित किए जाने की मांग को लेकर तरु-नीर समिति ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। समिति के अध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने शासन के मूल उद्देश्य के अनुरूप गांधी उद्यान को सार्वजनिक उद्यान के रूप में विकसित करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि शासकीय अभिलेखों के अनुसार प्लॉट नंबर 508, रकबा 5.68 एकड़ भूमि गांधी उद्यान के नाम पर दर्ज है। मध्यप्रदेश शासन के राजस्व विभाग द्वारा वर्ष 1988 में जारी आदेश के तहत उक्त भूमि नगर पालिका अम्बिकापुर को गांधी उद्यान के उद्देश्य से हस्तांतरित की गई थी। इसके पालन में 3 फरवरी 1989 को भूमि नगर पालिका को सौंप दी गई थी। समिति का दावा है कि भूमि की लीज अवधि 31 मार्च 2018 को समाप्त हो चुकी है।
तरु-नीर समिति ने आरोप लगाया है कि नगर निगम अम्बिकापुर द्वारा गांधी उद्यान को विकसित करने के बजाय प्रदर्शनी, मीना बाजार और सर्कस जैसे आयोजनों के लिए किराये पर दिया जा रहा है, जो भूमि हस्तांतरण की मूल भावना के विपरीत है।
समिति ने कलेक्टर से मांग की है कि शहर के मध्य स्थित इस महत्वपूर्ण भूमि को पुन: गांधी उद्यान के रूप में विकसित किया जाए, ताकि बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को सैर, खेलकूद, मनोरंजन एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सके। कैलाश मिश्रा ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच शहर को एक विकसित एवं व्यवस्थित सार्वजनिक उद्यान की आवश्यकता है।
उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में आवश्यक पहल करते हुए गांधी उद्यान को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने की मांग की है।