सरगुजा

मदनेश्वर शरण सिंहदेव की 25वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
24-Jun-2026 9:24 PM
मदनेश्वर शरण सिंहदेव की 25वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

लोकसेवा और विकास में योगदान को किया याद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 24 जून। अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व योजना आयोग उपाध्यक्ष स्व. मदनेश्वर शरण सिंहदेव की 25वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा राजीव भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके जनसेवा और प्रशासनिक योगदान को स्मरण किया।

श्रद्धांजलि सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड स्थित स्व. महाराज साहब एवं राजमाता स्व. देवेंद्र कुमारी सिंहदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत माँ महामाया मंदिर में भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राजपरिवार के प्रमुख उत्तराधिकारी होने के बावजूद स्व. मदनेश्वर शरण सिंहदेव ने जनसेवा के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा का मार्ग चुना। वर्ष 1954 में आईएएस अधिकारी के रूप में चयनित होने के बाद उन्होंने कलेक्टर से लेकर राज्य के सर्वोच्च प्रशासनिक पद मुख्य सचिव तक अपनी सेवाएं दीं।

वक्ताओं ने बताया कि अपने प्रशासनिक कार्यकाल में उन्होंने भू-अधिकारों के लिए ऋण पुस्तिका व्यवस्था, भूमिहीन परिवारों को भूमि आवंटन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को लागू करने में अहम भूमिका निभाई। मध्यप्रदेश को सोयाबीन उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने तथा तिलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में उनके प्रयासों को भी याद किया गया।

कार्यक्रम में जे.पी. श्रीवास्तव, द्वितेंद्र मिश्रा, संजय विश्वकर्मा, मोहम्मद इस्लाम, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, पापिंदर सिंह, संजय सिंह, अनूप मेहता, जमील खान, लोकेश कुमार, जीवन यादव, नरेंद्र विश्वकर्मा, सोहन जायसवाल, सतीश बारी, उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट