सरगुजा
नगर सैनिक से मारपीट कर रेत भरा वाहन छुड़ाने का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 जून। अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान नगर सैनिक से मारपीट कर रेत से भरा वाहन छुड़ाने के मामले में गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी सहित दो नाबालिग बालकों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार खनिज शाखा रायपुर में पदस्थ नगर सैनिक तारकेश्वर वर्मा 22 जून को केंद्रीय उडऩदस्ता टीम के साथ जांच के लिए सरगुजा संभाग आए थे। जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन में प्रयुक्त एक वाहन को अभिरक्षा में लेकर कलेक्ट्रेट परिसर अंबिकापुर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन चालक ने वाहन मालिक का नाम लड्डन खान बताते हुए नगर सैनिक को धमकी दी।
गांधी चौक सिग्नल के पास पहुंचने पर वाहन मालिक लड्डन खान अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि सभी ने मिलकर नगर सैनिक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उसकी वर्दी फाडऩे का प्रयास किया। आरोपियों ने नगर सैनिक को वाहन से नीचे उतारकर पकड़ लिया, जबकि चालक रेत से भरा वाहन लेकर फरार हो गया।
प्रार्थी की शिकायत पर गांधीनगर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा रेंज के डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर गांधीनगर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने 24 घंटे के भीतर वाहन चालक सोनू टोप्पो (19 वर्ष) और धनसिंह टोप्पो (35 वर्ष), दोनों निवासी सिलफिली पहाडग़ांव, थाना जयनगर, जिला सूरजपुर को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद लगातार की गई तलाश के दौरान मुख्य आरोपी लड्डन खान (43 वर्ष), निवासी साईं मंदिर रोड, भगवानपुर, अंबिकापुर तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने लड्डन खान के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर लड्डन खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।