सरगुजा
रेत तस्करी में लगी गाड़ी भी जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 23 जून। सरगुजा जिले में नगर सैनिक से मारपीट कर रेत तस्करी में प्रयुक्त वाहन छुड़ाने के मामले में गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार खनिज शाखा रायपुर में पदस्थ नगर सैनिक तारकेश्वर वर्मा 22 जून को केंद्रीय उडऩदस्ता टीम के साथ सरगुजा संभाग में जांच के लिए आए थे। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे एक वाहन को जब्त कर कलेक्ट्रेट परिसर अंबिकापुर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन चालक सोनू टोप्पो ने वाहन मालिक लड्डन खान का नाम लेकर नगर सैनिक को धमकी दी।
बताया गया कि गांधी चौक सिग्नल के पास वाहन मालिक और उसके साथियों ने वाहन रुकवाकर नगर सैनिक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने उसकी वर्दी फाडऩे का प्रयास किया तथा उसे वाहन से उतारकर पकड़ लिया। इस दौरान चालक रेत से भरे वाहन को लेकर फरार हो गया। घटना के बाद गांधीनगर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर गांधीनगर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू टोप्पो और धनसिंह टोप्पो निवासी सिलफिली पहाडग़ांव, थाना जयनगर, जिला सूरजपुर के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।