सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली, 22 जून। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोकसरी में शराब पीने से रोकने पर हुए विवाद के बाद एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पोकसरी निवासी बिन्द्रा राम ने थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 जून को उसका छोटा भाई संतलाल घर के पास शराब पी रहे जानचंद को रोकने-टोकने पर उससे विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते 21 जून की रात करीब 12.30 बजे जानचंद और सुखऊ राम मोटरसाइकिल से संतलाल को खोजते हुए उसके घर पहुंचे और जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज करने लगे।
अगली सुबह संतलाल का शव ग्राम पोकसरी के बंधवाटिकरा स्थित बंधवा गुड़ी के पास पड़ा मिला। उसके सिर, चेहरे, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटनास्थल से लकड़ी का गेंड़ा, लकड़ी फाड़ी, मृतक का मोबाइल फोन तथा टांगी बरामद हुई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बतौली में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
विवेचना के दौरान गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को हत्यात्मक प्रकृति का बताया गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर ग्राम पोकसरी निवासी जानचंद एवं सुखऊ राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का गेंड़ा एवं फाड़ी सहित अन्य सामान जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।