सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 22 जून। विकासखंड लखनपुर के ग्राम कुंवरपुर-हंसडांड में शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने तहसीलदार के नाम आवेदन सौंपकर शासकीय भूमि पर किए जा रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोकने तथा अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम हंसडांड स्थित अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग से लगी शासकीय भूमि पर गांव के ही राजेश कुजूर, पिता बंधु कुजूर द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित भूमि शासकीय रिकॉर्ड में दर्ज है और उस पर किसी भी प्रकार का निजी निर्माण नियमों के विरुद्ध है। उनका कहना है कि मुख्य मार्ग से लगी यह भूमि भविष्य में पंचायत एवं सार्वजनिक उपयोग के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है, इसलिए इसे अतिक्रमण मुक्त रखा जाना आवश्यक है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर शासकीय भूमि पर किए जा रहे निर्माण कार्य को रोका जाए तथा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए।
इस संबंध में लखनपुर तहसीलदार अमन चतुर्वेदी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व इस मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन में शासकीय भूमि पर निर्माण कार्य किए जाने की शिकायत की गई है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्वयं भी इस मामले में सक्षम है और ग्राम सभा की अनुशंसा के आधार पर प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर सकती है।
तहसीलदार ने कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा अथवा निर्माण कार्य पाया जाता है तो नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।