सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 21 जून। स्थानीय ओरिएण्टल पब्लिक स्कूल, अम्बिकापुर को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोज्ति इनोवेशन एजुकेशन कॉन्क्लेव -2026 में सहभागिता हेतु चयनित किया गया है। यह राष्ट्रीय स्तर का आवासीय प्रशिक्षण एवं नवाचार कार्यशाला कार्यक्रम 22 से 25 जून तक अगस्त्य क्रिएटिविटी कैम्पस, कुप्पम (आंध्र प्रदेश) में आयोजित किया जा रहा है।
सीबीएसई द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 एवं राष्ट्रीय पाठ्îचर्चा रूपरेखा-2023 के उद्देश्यों के अनुरूप आयोजित इस चार दिवसीय आवासीय कार्यक्रम में देशभर से चयनित शिक्षक, विद्यालय प्रमुख एवं विद्यार्थी भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य अनुभवात्मक शिक्षण, कौशल-आधारित अधिगम, नई वैज्ञानिक सोच तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास को बढ़ावा देना है।
विशेष उपलब्धि यह है कि ओरिएण्टल पब्लिक स्कूल, अम्बिकापुर को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ है। विद्यालय की ओर से उप-प्राधानाचार्य श्री तहसीन अहमद खान बतौर मेंटर एवं प्रतिनिधि शिक्षक कार्यक्रम में भाग लेंगे। उनके साथ विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र हिमांशु साहू एवं दर्श वर्मा छात्र प्रतिनिधि के रूप में भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अत्याधुनिक नवाचार केंद्रों एवं रचनात्मक अधिगम गतिविधियों में प्रत्यक्ष सहभागिता का अवसर मिलेगा। साथ ही देश के विभिन्न राज्यों से आए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर नवीन शैक्षणिक विचारों एवं सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान भी किया जाएगा।