सरगुजा

पीजी कॉलेज ग्राउंड अंबिकापुर में राज्य स्तर सामूहिक योगाभ्यास
20-Jun-2026 10:26 PM
 पीजी कॉलेज ग्राउंड अंबिकापुर में राज्य स्तर सामूहिक योगाभ्यास

सीएम-स्वास्थ्य मंत्री होंगे शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर 20 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिला मुख्यालय अंबिकापुर स्थित पीजी कॉलेज ग्राउंड में सुबह 6 बजे से राज्य स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस गरिमामय आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे तथा अति विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि विधानसभा क्षेत्र लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, विधानसभा क्षेत्र सीतापुर विधायक राम कुमार टोप्पो, गृह निर्माण मण्डल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अध्यक्ष राम किशुन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, अम्बिकापुर नगर पालिका महापौर मंजूषा भगत, नगर पालिका निगम सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी उपस्थित रहेंगे।

जिला आयुष विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ निर्धारित की गई है। कार्यक्रम का आयोजन आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं तथा विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। इस दौरान कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी जाएगी।

कलेक्टर अजीत बसंत ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा है कि योग स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य सुदृढ़ होने के साथ-साथ मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है।

उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर जीवनशैली से जुड़ी अनेक बीमारियों एवं समस्याओं से बचाव संभव है।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. शशिबाला जायसवाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ योग आयोग के नामित योग प्रशिक्षक छविराम साहू एवं  न्योति साहू द्वारा प्रतिभागियों को योगाभ्यास का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने सभी शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं से ‘योग संगम पोर्टल-2026’ पर पंजीयन कराने की अपील की है। साथ ही कार्यक्रम से संबंधित जानकारी, छायाचित्र एवं वीडियो पोर्टल पर अपलोड करने को कहा हैं।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से समय पर उपस्थित होकर योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आग्रह किया है।


अन्य पोस्ट