सरगुजा

पीएम किसान सम्मान निधि की राशि जारी, लुण्ड्रा में किसानों ने सुना प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन
20-Jun-2026 10:23 PM
पीएम किसान सम्मान निधि की राशि जारी, लुण्ड्रा में किसानों ने सुना प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लुण्ड्रा, 20 जून। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खातों में सहायता राशि जारी किए जाने के अवसर पर कृषि विभाग लुण्ड्रा एवं सहकारी समिति ससौली द्वारा वर्चुअल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना तथा योजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में किसान सम्मान निधि की राशि हस्तांतरित किए जाने का सीधा प्रसारण दिखाया गया। उपस्थित किसानों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और योजना के महत्व तथा किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी प्राप्त की।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को शासन की विभिन्न कृषि हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ ही खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

सहकारी समिति ससौली के प्रतिनिधियों एवं समिति प्रबंधक सत्यम गुप्ता ने किसानों को कृषि ऋण, उर्वरक वितरण तथा सहकारी समितियों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी।

वहीं धौरपुर एवं ककनी में भी वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किए गए। ककनी में समिति प्रबंधक ज्ञान गुप्ता ने किसानों को कृषि क्षेत्र से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने की अपील की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास विस्तार अधिकारी बिबियाना मिंज सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, कृषि विभाग के सभापति प्रदीप प्रेमी, भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री राजीव कश्यप, सहकारी समिति के पदाधिकारी तथा क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

इस अवसर पर किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को खेती-किसानी के लिए उपयोगी बताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि योजना के माध्यम से मिलने वाली सहायता राशि कृषि कार्यों में सहयोग प्रदान करती है और खेती की लागत को पूरा करने में मददगार साबित हो रही है।


अन्य पोस्ट