सरगुजा
युवक व बहन के खिलाफ मामला दर्ज
अंबिकापुर,19 जून। सरगुजा जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक आदिवासी छात्रा ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दैहिक शोषण करने तथा गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। पीडि़ता की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली छात्रा वर्ष 2021 में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अंबिकापुर आई थी। इसी दौरान उसकी पहचान खैरबार निवासी एजाज अहमद से हुई। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया और जुलाई 2022 में उसे नावापारा स्थित एक रिश्तेदार के घर ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए।
पीडि़ता का आरोप है कि दोनों कुछ समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे। इस दौरान युवक शादी का आश्वासन देकर लगातार उसका दैहिक शोषण करता रहा। बाद में उसने विवाह से दूरी बना ली और दोनों के बीच विवाद होने लगा।
शिकायत के अनुसार अगस्त 2025 में युवती गर्भवती हो गई। आरोप है कि इसके बाद युवक अपनी बहन के साथ उसके कमरे में पहुंचा और गर्भपात के लिए दबाव बनाया। बाद में समझाइश देकर उसे गर्भपात के लिए राजी किया गया तथा सूरजपुर जिला अस्पताल ले जाकर गर्भपात कराया गया।
पीडि़ता ने यह भी आरोप लगाया है कि विवाह की बात करने पर युवक ने उसे दूसरे धर्म का बताते हुए शादी से इनकार कर दिया। साथ ही कई बार शराब के नशे में उसके कमरे में पहुंचकर दुव्र्यवहार करने की कोशिश की।
युवती की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।