सरगुजा

अटल परिसर चौक में तोडफ़ोड़, अज्ञात के खिलाफ एफआईआर की मांग
19-Jun-2026 4:15 PM
अटल परिसर चौक में तोडफ़ोड़, अज्ञात के खिलाफ एफआईआर की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 19 जून। बलरामपुर जिला के नगर पंचायत राजपुर के वार्ड क्रमांक 06 स्थित अटल परिसर चौक में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा तोडफ़ोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में चौक पर लगी टाइल्स एवं विद्युत लाइटों को नुकसान पहुंचाया गया है, जिससे सार्वजनिक संपत्ति को आर्थिक क्षति पहुंची है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) रविन्द्र लाल ने थाना राजपुर में लिखित शिकायत देकर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 जून की रात्रि अज्ञात व्यक्ति द्वारा अटल परिसर चौक में लगे निर्माण कार्य एवं विद्युत व्यवस्था को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद चौक की सुंदरता प्रभावित हुई है और नगर पंचायत को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है।

गौरतलब है कि वार्ड क्रमांक 06 में निर्मित अटल परिसर का लोकार्पण 16 नवंबर 2025 को सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों की उपस्थिति में किया गया था। लोकार्पण के महज सात महीने बाद ही परिसर की स्थिति बदहाल होती दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निगरानी और रखरखाव के अभाव में असामाजिक तत्व सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक परिसंपत्तियां जनता के टैक्स के पैसे से निर्मित होती हैं और उन्हें नुकसान पहुंचाना समाज के हितों के खिलाफ है

 

 

। नागरिकों ने आशंका जताई है कि यदि ऐसे तत्वों के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में अन्य सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अटल परिसर को नुकसान पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी, सीसीटीवी व्यवस्था एवं रात्रिकालीन गश्त को प्रभावी बनाया जाए।

इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी रविन्द्र लाल ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा बनी रहे।


अन्य पोस्ट