सरगुजा

बिजली दरों में बढ़ोतरी जनहित के खिलाफ, सरकार का काम सेवा करना है मुनाफा कमाना नहीं- सिंहदेव
18-Jun-2026 8:28 PM
बिजली दरों में बढ़ोतरी जनहित के खिलाफ, सरकार का काम सेवा करना है मुनाफा कमाना नहीं- सिंहदेव

महंगाई से जूझ रही जनता पर दोहरी मार, कांग्रेस ने बढ़ोतरी का किया विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 18 जून। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हाल ही में की गई बढ़ोतरी को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी. एस. सिंहदेव ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार का काम जनसेवा करना है, न कि मुनाफा कमाना। उन्होंने बिजली दरों में वृद्धि को आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए इसे अनुचित करार दिया।

अंबिकापुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही बढ़ती महंगाई से परेशान है, ऐसे में बिजली दरों में बढ़ोतरी उनके लिए दोहरी मार साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने बीते ढाई वर्षों में बिजली बिलों में लगभग 20 प्रतिशत तक की वृद्धि कर दी है, जिससे आम उपभोक्ताओं के घर का बजट प्रभावित हो रहा है।

पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक , पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की,  हेमंत सिन्हा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

सिंहदेव ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं की विभिन्न श्रेणियों में प्रति यूनिट 30, 40 और 50 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही कृषि पंपों की बिजली दरों में भी इजाफा किया गया है, जिससे किसानों की लागत और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और इस बढ़ोतरी का लगातार विरोध करेगी।

पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल में बिजली की दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई थी। उस दौरान प्रति यूनिट दर 3.70 रुपये स्थिर रखी गई थी और एक बार 30 पैसे की कटौती भी की गई थी। इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने ढाई साल में ही प्रति यूनिट 80 पैसे तक बढ़ा दिए हैं।

उन्होंने कांग्रेस शासनकाल की हाफ बिजली बिल योजना का भी उल्लेख किया। सिंहदेव ने कहा कि उस योजना के तहत 400 यूनिट तक आधा बिजली बिल लिया जाता था, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत मिलती थी। लेकिन वर्तमान सरकार ने इस योजना को समाप्त कर दिया, जिससे आम लोगों पर सीधा असर पड़ा है।

स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भी सिंहदेव ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं पर स्मार्ट मीटर लगाने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि यह अनिवार्य नहीं है।

उनका दावा है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं की बिजली खपत अधिक दर्ज हो रही है और बिलों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पहले 130 से 140 रुपये तक बिल आता था, अब 1200 रुपये तक की राशि जमा करनी पड़ रही है।

सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन करेगी और जरूरत पडऩे पर बिजली कार्यालयों का घेराव भी किया जाएगा।


अन्य पोस्ट