सरगुजा

डीडी-आरो जमा नहीं होने से रुका एनपीके खाद वितरण, किसानों में नाराजगी
18-Jun-2026 8:28 PM
डीडी-आरो जमा नहीं होने से रुका एनपीके खाद वितरण, किसानों में नाराजगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर/सरगुजा, 18 जून। खरीफ सीजन के बीच डाँडग़ांव सहकारी समिति में एनपीके खाद वितरण शुरू नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ गई है। किसानों का आरोप है कि समिति प्रबंधन की लापरवाही के कारण खाद उपलब्ध होने के बावजूद उसका वितरण नहीं हो पा रहा है, जिससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

खाद वितरण में आ रही समस्याओं को लेकर किसानों की शिकायत पर जिला पंचायत सदस्य रैमुनिया करियाम ने समिति का दौरा किया। इस दौरान जनपद सदस्य श्रवण वरकड़े, मुडग़ांव की सरपंच अमृता सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने मांग की कि किसानों की संख्या और बढ़ती भीड़ को देखते हुए खाद का वितरण दो पाली में किया जाए तथा इफको खाद का वितरण भी तत्काल शुरू कराया जाए।

किसानों ने बताया कि समय पर खाद नहीं मिलने से बोनी और फसल प्रबंधन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

इस संबंध में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी राधा कृष्णन ने बताया कि डाँडग़ांव सहकारी समिति में कुल 1116 किसान पंजीकृत हैं। गत वर्ष समिति में 343.3 टन रासायनिक उर्वरक की आपूर्ति हुई थी, जबकि इस वर्ष किसानों की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए 569.7 टन उर्वरक का भंडारण किया गया है।

उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 में समिति में 2800 क्विंटल एनपीके उर्वरक का भंडारण किया गया था, लेकिन भंडारण के बाद समिति प्रबंधक द्वारा जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) को आवश्यक डीडी- आरो दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। निर्धारित समयावधि बीत जाने के कारण आपूर्तिकर्ता कंपनी मध्य भारत एग्रो प्राइवेट लिमिटेड की निविदा अवधि समाप्त हो गई, जिससे डीआई नंबर जारी नहीं हो सका और खाद वितरण प्रक्रिया बाधित हो गई।

वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ने बताया कि पुन: निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद 17 जून 2026 को डीआई नंबर जारी कर दिया गया है। समिति प्रबंधक को तत्काल डीडी-आरो जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। दस्तावेज जमा होने और समिति की पीओएस मशीन में स्टॉक प्रदर्शित होने के बाद एनपीके उर्वरक का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट